तखतगढ़ में दो नए शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का शुभारंभ
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने फीता काटकर दी शहरवासियों को सौगात
तखतगढ़ (सुमेरपुर/ बरकत खान))। विधानसभा क्षेत्र सुमेरपुर के तखतगढ़ नगरपालिका क्षेत्र में सोमवार को दो नए शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का शुभारंभ किया गया। कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने खारसियावास तथा गोगरा–राजपुरा मार्ग स्थित आरोग्य मंदिरों का फीता काटकर उद्घाटन किया।
मंत्री कुमावत ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इन दो आरोग्य मंदिरों के प्रारंभ होने से तखतगढ़ नगर तथा आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को उपचार की बेहतर सुविधा मिलेगी। अब लोगों को छोटी बीमारियों के लिए भी बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर निवारक से लेकर उपचारात्मक सेवाओं तक की विस्तृत श्रृंखला प्रदान करते हैं। इनमें निःशुल्क ओपीडी, दवाएं तथा आवश्यक जांचें उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे आमजन को व्यापक स्वास्थ्य सुरक्षा मिलती है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संविदाकर्मियों की नियुक्ति होगी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतगढ़ की राजस्थान मेडिकल रिलीफ सोसाइटी की बैठक कैबिनेट मंत्री कुमावत की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बीसीएमओ डॉ. गोविंद सिंह चूड़ावत ने बताया कि भवन की मरम्मत के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग को तकमीना तैयार करने हेतु पत्र भिजवाने का प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही चिकित्सा उपकरणों एवं आवश्यक सामग्री की खरीद पर सहमति बनी।
रिक्त पदों पर संविदा के आधार पर नियुक्तियां करने का भी निर्णय लिया गया। इसमें एक असिस्टेंट रेडियोग्राफर, दो कम्प्यूटर ऑपरेटर, पाँच सुरक्षाकर्मी तथा एक निश्चेतना विशेषज्ञ (एनएचएम) की नियुक्ति की जाएगी।
अणगौर उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास
समारोह के दौरान मंत्री कुमावत ने ग्राम पंचायत गलथनी के अंतर्गत अणगौर गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। साथ ही दुजाना एवं पावा में बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की शिलापट्टिकाओं का शिलापूजन भी किया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक भवन पर लगभग 159 लाख रुपए की लागत आएगी।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष ललित रांकावत, उपाध्यक्ष मनोज नामा, मंडल अध्यक्ष पारस घांची, महिला मोर्चा अध्यक्ष मीना रावल, पार्षद शर्मिला कुमारी, देवाराम चौधरी, सुरेश सुथार, जगदीश दमामी, पार्षद प्रतिनिधि सुधीर चौधरी, शेषमल कुमावत, मुकेश सुथार, एसडीएम कालूराम कुम्हार, डीवाईएसपी जितेंद्र सिंह, ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी प्रमोद गिरी, डॉ. एके मौर्य, डॉ. सुरेश चौधरी, डॉ. अनुपम राजपुरोहित, डॉ. नीतू मालवीय, डॉ. विक्रम सिंह, डॉ. कुशल दिवाकर, नर्सिंगकर्मी परशुराम, हीरालाल, नरेंद्र सिंह, दीपेंद्र सिंह, सीनियर फार्मासिस्ट मनोज, संध्या शर्मा, रतन देवासी, गणेश कुइया, राम देवासी, भरत रोहित सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं चिकित्सा कर्मचारी उपस्थित रहे।
वार्ड 13–14 के लोगों ने शराब ठेका हटाने की मांग की
वार्ड संख्या 13 और 14 के निवासियों ने अस्थायी शराब ठेका नंबर तीन को हटाने की मांग की है। लोगों ने बताया कि ठेके से मात्र 200 मीटर की दूरी पर निजी एवं सरकारी विद्यालय स्थित हैं, जिससे छात्र-छात्राओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। इसके साथ ही तालाब क्षेत्र में व्याप्त गंदगी से बदबू फैलने की शिकायत भी की गई।
व्यापार एवं उद्योग मंडल ने तीन प्रमुख मांगें रखीं
व्यापार एवं उद्योग मंडल तखतगढ़ ने कैबिनेट मंत्री और विधायक के समक्ष क्षेत्रहित में तीन प्रमुख मांगें रखी हैं –
1. मुख्य चौराहा से तालाब तक निर्माणाधीन नाले के कार्य में तेजी लाई जाए तथा मिट्टी डालकर सड़क बंद नहीं की जाए, जिससे व्यापारियों को नुकसान हो रहा है।
2. नए बस स्टैंड पर मुख्य सड़क पर बसों की निकासी एवं प्रवेश हेतु गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर) बनाए जाएं, ताकि दुर्घटनाएं रोकी जा सकें।
3. नेशनल हाइवे 325 पर मुख्य चौराहा क्षेत्र की बंद रोड लाइटों को तत्काल चालू कराया जाए।


