वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध खनन परिवहन में पाँच ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
वैर (भरतपुर/ कौशलेंद्र दत्तात्रेय) वन विभाग ने अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए पाँच ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की हैं। यह कार्रवाई बीती रात उपवन संरक्षक भरतपुर के निर्देशन में सहायक वन संरक्षक सुरेश चौधरी द्वारा वन रेंज बयाना क्षेत्र में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गश्त के दौरान रेंज बयाना के पास पाँच ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध अवस्था में सेण्ड स्टोन ब्लॉक का अवैध परिवहन करते हुए दिखाई दीं। वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टरों को रोककर चालकों से खनिज से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन चालक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इस पर राजस्थान वन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए सभी पाँच ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया। फॉरेस्टर नरेश सैनी ने बताया कि यह कार्रवाई सहायक वन संरक्षक के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में गश्ती दल के सदस्य भरतपुर डिवीजन स्टाफ से नरेश सैनी (फॉरेस्टर), गोपाल शर्मा (सहायक वनपाल), प्रवीण धाकड़, महावीर मीणा, मोहित तथा चालक विजयपाल शामिल रहे। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


