आशा सहयोगिनियों को 5 महीने से नहीं मिला मानदेय: गोविंदगढ़ में CHC पर किया विरोध प्रदर्शन, चिकित्सा प्रभारी से जल्द समाधान की मांग
गोविंदगढ़ में आशा सहयोगिनियों ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पर विरोध प्रदर्शन किया। उन्हें पिछले पांच महीनों से वेतन नहीं मिला है। दर्जनों आशा सहयोगिनियों ने मुख्य ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी (BCMHO) के नाम चिकित्सा प्रभारी डॉ. शिवकांत शर्मा को ज्ञापन सौंपा और बकाया भुगतान की मांग की।
आशा सहयोगिनी रजंती देवी ने बताया- केवल मासिक मानदेय ही नहीं, बल्कि सरकार द्वारा दी जाने वाली पुरस्कार राशि, कुष्ठ रोग सर्वे का भुगतान और प्रशिक्षण के दौरान होने वाले फोटोकॉपी जैसे छोटे खर्चों का भी महीनों से भुगतान लंबित है। सहयोगिनियों ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण उनके लिए घर चलाना और फील्ड में काम करना मुश्किल हो रहा है।
प्रदर्शन में कमलेश कुमारी, राधा, विमलेश, कृष्णा कुमारी, रूपा देवी, खुर्शीदन, सीमा, भगवती, अनीता, अंजू, सरला और ललिता सहित बड़ी संख्या में आशा सहयोगिनियां उपस्थित थीं। चिकित्सा प्रभारी डॉ. शिवकांत शर्मा ने इस मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।