मालाखेड़ा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई; ऑपरेशन विजय प्रहार में डोडा छिलका सहित आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल जब्त
अलवर (अनिल गुप्ता) जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन विजय प्रहार के तहत थाना मालाखेड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डोडा छिलका व डोडा चूरा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अलवर सुधीर चौधरी (आईपीएस) ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) कांबले शरण गोपीनाथ (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. प्रियंका (आरपीएस) तथा सहायक पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शिवानी शर्मा (आईपीएस) के सुपरविजन में थाना मालाखेड़ा पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
थानाधिकारी हरदयाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी इन्दर रेबारी पुत्र श्रवण कुमार (42 वर्ष) निवासी पृथ्वीपुरा, थाना मालाखेड़ा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 960 ग्राम डोडा छिलका व डोडा चूरा तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।
टीम में शामिल पुलिसकर्मी:
कांस्टेबल सुरेश यादव, बालकिशन, रिंकूराम, राजेश यादव, चालक प्रयाग सिंह एवं महिला कांस्टेबल ममता ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला पुलिस के अनुसार अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।