डीग :विकास, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता के साथ मनाया होली मिलन समारोह
होली का पर्व प्रेम भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है - -डॉ. शैलेश दिगंबर सिंह
डीग (नीरज जैन) 4 मार्च। गोवर्धन रोड स्थित प्रताप मैरिज होम में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के होली मिलन समारोह में डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश दिगंबर सिंह ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा, होली का यह पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। रंगों का यह उत्सव हमें भेदभाव भुलाकर एकजुट होकर क्षेत्र और प्रदेश के विकास के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि डीग ब्रज संस्कृति की पहचान है और यहां फूलों व गुलाल की होली, रसिया गायन और काव्य पाठ जैसे कार्यक्रम हमारी परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
विधायक डॉ. सिंह ने प्रदेश सरकार के बजट का उल्लेख करते हुए कहा कि डीग जिले को मिनी सचिवालय, हवाई पट्टी के विस्तार, रिंग रोड सहित कई विकास कार्यों की सौगात मिली है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि जिले के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
समारोह के दौरान शहर मंडल अध्यक्ष ललित तिवारी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राकेश गिरसै, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, राजपूत समाज के जिला अध्यक्ष बाबू सिंह जादौन, ओमप्रकाश कौशिक, प्रदीप कुमार बंटू, श्याम ठाकुर, राजेंद्र खंडेलवाल, गौरव सोनी, प्रमोद वकील, भावना गांधी, गिरीश शर्मा सहित महिला कार्यकर्ताओं, भाजपा पदाधिकारियों और आसपास के गांवों से आए प्रतिनिधियों ने विधायक का गुलाल लगाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में फूलों की होली, ब्रज के रसिया, होली गीत एवं काव्य पाठ जैसे सांस्कृतिक आयोजन आकर्षण का केंद्र रहे। अंत में विधायक ने सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।