खैरथल महाविद्यालय में सेना भर्ती कार्यालय की ओर से हुई विशेष सेमिनार
खैरथल (हीरालाल भूरानी) राजकीय महाविद्यालय खैरथल में करियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट समिति तत्वावधान में भारतीय सेना में विविध अवसरों की जानकारी प्रदान करने के लिए विशेष सेमिनार का आयोजन हुआ। प्राचार्य डॉ. नीतू जेवरिया ने बताया कि आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस के विशेष सहयोग से भारतीय सेना में अग्निवीर, धर्म शिक्षक, नर्सिंग ऑफिसर के साथ-साथ सेना में स्थायी नियुक्ति और ऑफिसर भर्ती की जानकारी प्रदान करने के लिए विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया जिसमें आर्मी मेडिकल ऑफिसर मेजर शाहिद मंजूर और हवलदार शंकर राव ने युवाओं को सेना में रोजगार संभावनाएं तलाशने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि इस दौरान युवाओं ने अग्निवीर भर्ती के बारे में अनेक प्रश्न पूछे और अग्निवीर भर्ती की प्रक्रिया जानी। इस दौरान आर्मी अधिकारियों ने छात्राओं को भी सेना में भर्ती होने का आह्वान किया और महिलाओं के लिए सेना में विविध रोजगार अवसरों की जानकारी प्रदान की। प्राचार्य ने आर्मी प्रतिनिधियों को महाविद्यालय की ओर से पौधा भेंट कर आभार जताया। संकाय सदस्य सरस्वती मीणा ने पैरामिलिट्री फोर्स में नियुक्ति के दौरान प्राप्त अनुभवों को युवाओं के साथ साझाए किया और उन्हें देश सेवा में तत्पर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में संकाय सदस्य डॉ. सरस्वती मीणा, साक्षी जैन, डॉ. राहुल वर्मा, डॉ. महेश गोठवाल, लेखाधिकारी मनोज गुप्ता, स्टाफ सदस्य विक्रम सिंह प्रभुदयाल, सौम्या बारेठ, आशीष शर्मा, अमीचंद आदि ने सहयोग प्रदान किया।