लुपिन फाउंडेशन द्वारा राजगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम का किया आयोजन
राजगढ (अनिल गुप्ता) लुपिन फाउंडेशन द्वारा राजगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजगढ़ एवं मालाखेड़ा क्षेत्र की लगभग 200 महिलाओं और युवतियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि आरसीएचओ डॉ. मंजू शर्मा रहीं, जबकि महिला एवं बाल विकास विभाग राजगढ़ की महिला सुपरवाइजर श्रीमती अभिलाषा अध्यापिका आशा सुमन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
मुख्य अतिथि डॉ. मंजू शर्मा ने अपने संबोधन में महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, बेटा-बेटी में समानता की भावना विकसित करने तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सकारात्मक सोच और आत्मनिर्भरता समाज में व्यापक परिवर्तन ला सकती है। उन्होंने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने और परिवार तथा समाज के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि आशा सुमन ने ग्रामीण विकास के क्षेत्र में लुपिन फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था के प्रयास किसानों और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर संस्था के स्टेट हैड ने कहा कि महिला ही स्वस्थ एवं उत्तम समाज एवं परिवार का निर्माण करती है। इसीलिये महिलाओं को अपने अधिकारों के बारे में जानकारी रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महिलायें देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहीं हैं और देश के विभिन्न क्षेत्रों में उच्च पदों पर भी कार्यरत हैं। उन्होंने समाज के सभी लोगों से आग्रह किया कि वे महिलाओं का सम्मान करें एवं उन्हें सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिये प्रेरित भी करें। इस अवसर पर उन्होंने संस्था द्वारा संचालित की जा रही कृषि, पशुपालन एवं स्वास्थ्य गतिविधियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कार्यक्रम में लुपिन फाउण्डेशन के स्वास्थ्य गतिविधि प्रभारी रवि दाधीच ने बताया कि संस्था द्वारा मोबाईल मैडीकल वाहनों का संचालन किया जा रहा है। जो कि गॉव-गॉव में मैडीकल कैम्प आयोजित कर श्वसन संबंधी मरीजों की पहचान कर उनकी निःशुल्क जॉच एवं उपचार करती है जिससे परियोजना क्षेत्र में रोगियों को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधा एवं आर्थिक बचत हो रही है।
कार्यक्रम के दौरान एफपीओ, वैज्ञानिक डेयरी प्रबंधन, बकरी पालन एवं महिला स्वास्थ्य जैसे विषयों पर समूह चर्चा आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागी महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। साथ ही माहवारी के दौरान स्वच्छता एवं पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। कार्यक्रम का संचालन रितु नरूका ने किया।