अयोध्या में दिल दहलाने वाली घटना: घरेलू कलह में उजड़ा परिवार, पति-पत्नी और 22 दिन के मासूम की मौत
अयोध्या, (उत्तर प्रदेश/ शशि जायसवाल): रौनाही थाना क्षेत्र के करेरू गांव से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहाँ पारिवारिक विवाद के चलते एक साल पहले विवाहित एक युवा दंपति और उनके 22 दिन के नवजात शिशु की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस की शुरुआती जांच और फॉरेंसिक साक्ष्यों के अनुसार, यह घटना गुरुवार शाम की है। मृतक शिवानंद राव (25) अपनी पत्नी संजू (22) और 22 दिन के नवजात बच्चे के साथ रहते थे। शिवानंद कंस्ट्रक्शन साइटों पर मजदूर सप्लाई और कैटरिंग का काम करते थे।
पुलिस को मौके से खून से सना हथौड़ा मिला है। जांच में यह सामने आया कि संजू ने पति से हुए झगड़े के बाद घर के अंदर ही हथौड़े से वार करके शिवानंद की हत्या कर दी।पति की हत्या के बाद, महिला ने कमरे में अपने 22 दिन के बच्चे को बंद किया और देवराकोट रेलवे फाटक के पास जाकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें महिला ने पति पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
जब पुलिस को घर के अंदर से सूचना मिली और दरवाजा तोड़ा गया, तो वहां का दृश्य अत्यंत विचलित करने वाला था। बेड पर 22 दिन का नवजात बच्चा भूख और प्यास से बिलख रहा था। पुलिस ने तुरंत उसे उसके रिश्तेदारों को सौंप दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश शुक्रवार सुबह उस मासूम ने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि दंपति के बीच आए दिन घरेलू कलह होती थी, जो इस खौफनाक अंजाम तक पहुंच गई। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

