कूड़ेदान में मिला नवजात बच्ची का शव, पुलिस जांच में जुटी
जोधपुर शहर के प्रतापनगर सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आज सुबह एक नवजात बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मामला दर्ज कर लिया है और दोषियों की तलाश शुरू कर दी है।
आज सोमवार सुबह करीब 7:00 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि गीता भवन के सामने स्थित एक डस्टबिन (कूड़ेदान) में एक नवजात बच्ची का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही प्रतापनगर सदर थाने से एएसआई सूरता राम तुरंत पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे।
-
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत एफएसएल (FSL) और डॉग स्क्वायड की टीमों को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य और महत्वपूर्ण सुराग एकत्र किए हैं।नवजात बच्ची के शव को तुरंत कब्जे में लेकर मथुरादास माथुर अस्पताल भिजवाया गया, जहां आगे की आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। पुलिस ने इस अमानवीय कृत्य के संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
थानाधिकारी के निर्देशन में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास और मार्ग में लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही स्थानीय निवासियों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि नवजात को फेंकने वाले निर्दयी माता-पिता या दोषियों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।
जोधपुर पुलिस आमजन से भी अपील करती है कि यदि इस घटना के संबंध में किसी के पास कोई भी संदिग्ध जानकारी या सुराग हो, तो वे तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।


