भरतपुर में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित, कलेक्टर कमर चौधरी ने दिए कड़े निर्देश

Jul 24, 2026 - 20:00
 0
भरतपुर में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित, कलेक्टर कमर चौधरी ने दिए कड़े निर्देश

भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)। जल जीवन मिशन (JJM) कार्यक्रम के अंतर्गत 'जिला जल एवं स्वच्छता मिशन' की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भरतपुर जिला कलेक्टर कमर चौधरी ने की। बैठक के दौरान जिले भर में चल रहीं पेयजल परियोजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिला कलेक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन की योजनाओं तथा पानी की टंकियों के निर्माण हेतु यदि कहीं भूमि आवंटन में समस्या आ रही है, तो संबंधित पटवारी एवं उपखंड अधिकारी (SDO) से तुरंत लिखित सूचना ली जाए। उन्होंने ग्रामीण परिवारों को नियमित आधार पर पर्याप्त और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए घरेलू नल कनेक्शन (FHTC) के कार्यों में तेजी लाने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

लीकेज सुधार और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान

कलेक्टर ने ग्रामीण अंचलों में पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने के उद्देश्य से नलकूपों, हैंडपंपों की मरम्मत और लीकेज पाइपलाइनों को तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पंचायतीराज विभाग को हैंडओवर से पहले जांच के निर्देश

बैठक में निर्देश दिए गए कि पूर्ण हो चुकी योजनाओं को पंचायतीराज विभाग को हैंडओवर करते समय लेआउट के अनुसार पाइपलाइनों की गहराई, लंबाई और गुणवत्ता की जांच कर मानचित्र से मिलान अवश्य किया जाए। इसके अलावा:

  • 'हर घर नल' प्रमाण पत्र: जिन गांवों में शत-प्रतिशत नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं, वहां ग्राम आमसभा आयोजित कर 'हर घर नल' प्रमाण पत्र प्राप्त करना सुनिश्चित करें।

  • जल संरक्षण रैली: आगामी 15 अगस्त से पूर्व जिले में व्यापक स्तर पर 'जल संरक्षण जागरूकता रैली' आयोजित की जाए।

  • स्कूल व आंगनबाड़ी: जिले की सभी शैक्षणिक संस्थाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों में प्राथमिकता के आधार पर नल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं।

सड़कों की मरम्मत का उठा मुद्दा

बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मृदुल सिंह ने निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई ग्रामीण सड़कों की मरम्मत कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर पूरा किया जाए। जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता एन.के. वर्मा ने बताया कि वर्तमान में जिले के लगभग 600 गांवों में जल जीवन मिशन के तहत कार्य प्रगति पर है।

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रेखा रानी सहित सभी खंडों के अधिशासी (XEN) एवं सहायक अभियंता (AEN) मौजूद रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................