चंबल पेयजल परियोजना में तकनीकी खराबी: भरतपुर और डीग जिलों में अगले 7 दिन नियंत्रित रहेगी जलापूर्ति
सागरपाड़ा स्थित रॉ-वॉटर पंप हाउस में उच्च दाब मोटरें खराब, युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटा जलदाय विभाग
भरतपुर(कोश्लेंद्र दत्तात्रेय)। चंबल-धौलपुर-भरतपुर पेयजल परियोजना के अंतर्गत धौलपुर जिले के सागरपाड़ा स्थित रॉ-वॉटर पंप हाउस में अचानक तकनीकी खराबी आ गई है। पंप हाउस में स्थापित उच्च दाब (High Pressure) मोटरों के बाधित होने से रॉ-वॉटर का उत्पादन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इसके चलते आगामी सात दिनों तक भरतपुर और डीग जिलों के शहरी तथा ग्रामीण अंचलों में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति नियंत्रित (राशनिंग) रहेगी।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के अधिशासी अभियंता कमल सिंह मीणा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि तकनीकी खराबी के कारण दोनों जिलों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। हालांकि, विभाग द्वारा मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू करवा दिया गया है, ताकि कम से कम समय में नियमित पेयजल आपूर्ति को बहाल किया जा सके।
विभाग ने की पानी के संयमित उपयोग की अपील
जलदाय विभाग ने भरतपुर और डीग जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि आगामी सात दिनों तक उपलब्ध पेयजल का अत्यंत संयमित और आवश्यकतानुसार ही उपयोग करें।
अधिशासी अभियंता ने कहा कि आमजन के सहयोग से ही उपलब्ध जल का समान और प्रभावी वितरण संभव हो सकेगा। विभाग ने पेयजल में आ रही इस अस्थायी असुविधा के लिए नागरिकों से धैर्य और सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही दोनों जिलों में जलापूर्ति पूर्ववत सुचारू कर दी जाएगी।

