दईजर पुलिस लाइन का आईजी व एसपी ने किया निरीक्षण, सुनीं कार्मिकों की समस्याएं; किया पौधारोपण
बावड़ी (जोधपुर /मिश्रीलाल लखारा) जोधपुर रेंज के आईजी सत्येंद्र सिंह एवं जोधपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक पंकज (आईपीएस) ने शनिवार को पुलिस लाइन दईजर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पर्यावरण प्रेमी पद्मश्री हिम्मताराम भाम्भु के साथ राजस्थान सरकार के "हरियाळो राजस्थान" अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण का संदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुलिस लाइन की बैरकों, शस्त्रागार, वाहन शाखा, मैस, आवासीय परिसर, कार्यालयों एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, अनुशासन, अभिलेख संधारण और संसाधनों के बेहतर रख-रखाव के निर्देश देते हुए पुलिस कार्मिकों के लिए मूलभूत सुविधाओं के उन्नयन पर विशेष जोर दिया।
इसके बाद आयोजित संपर्क सभा में आईजी और एसपी ने पुलिस कार्मिकों से सीधे संवाद कर उनकी सेवा संबंधी समस्याएं और सुझाव सुने। अधिकारियों ने समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा कहा कि पुलिस कार्मिक संगठन की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनका कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एसपी पंकज ने पुलिसकर्मियों से कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, सत्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि संवेदनशील और कानूनसम्मत व्यवहार से पुलिस की सकारात्मक छवि मजबूत होती है। उन्होंने अपराध नियंत्रण, प्रभावी पुलिसिंग और आमजन का विश्वास बनाए रखने के लिए टीम भावना से कार्य करने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपाल सिंह लखावत, एलओ सुमेर सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिस कार्मिक मौजूद रहे।

