एनएच 62 पर भीषण हादसा: ट्रक और बाइक की जोरदार भिड़ंत में युवक की दर्दनाक मौत
एनएच 62 पर ट्रक और बाइक में भीषण भिड़ंत, सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत
बावड़ी (मिश्रीलाल लखारा)। उपखंड क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 62 पर खेड़ापा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच हुई इस भीषण भिड़ंत के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही खेड़ापा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर बाधित यातायात को सुचारू करवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बावड़ी राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी।
गहन पड़ताल के बाद मृतक की पहचान लोरड़ी पंडित जी निवासी किलाराम (पुत्र मोहनराम सरगरा) के रूप में हुई। सुबह परिजनों के अस्पताल पहुंचने पर पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाकर शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। पीड़ित परिवार की लिखित रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है।

