खैरथल जिले के सात अस्पतालों में शुरू होंगी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य हेल्प डेस्क, तैनात रहेंगी प्रसव सखी
खैरथल (हीरालाल भूरानी) मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने तथा गर्भवती महिलाओं को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खैरथल-तिजारा जिले के सात प्रमुख सरकारी अस्पतालों में जल्द ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य हेल्प डेस्क स्थापित की जाएंगी। इन हेल्प डेस्क पर प्रशिक्षित प्रसव सखी तैनात रहेंगी, जो गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में भर्ती होने से लेकर सुरक्षित प्रसव, उपचार और डिस्चार्ज तक हर स्तर पर सहयोग प्रदान करेंगी। जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविन्द गेट ने बताया कि जिले में यह सुविधा जिला अस्पताल भिवाड़ी, उप जिला अस्पताल तिजारा, सेटेलाइट अस्पताल खैरथल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटकासिम, किशनगढ़बास, मुंडावर एवं टपुकड़ा में शुरू की जाएगी।
इन अस्पतालों में हेल्प डेस्क 24 घंटे कार्यरत रहेगी और गर्भवती महिलाओं को पंजीकरण, जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श, प्रसव कक्ष तक पहुंच तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता करेगी। उन्होंने बताया कि प्रसव सखी विशेष रूप से हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर उपचार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। आवश्यकता पड़ने पर ब्लड बैंक, जननी एक्सप्रेस और रेफरल सेवाओं से समन्वय स्थापित कर समय पर उपचार एवं सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित किया जाएगा।
डॉ. गेट ने कहा कि प्रसव के बाद नवजात के टीकाकरण, मां की देखभाल, आवश्यक परामर्श एवं फॉलोअप सेवाओं में भी प्रसव सखी सहयोग करेंगी। इस पहल से अस्पतालों में आने वाली गर्भवती महिलाओं को बेहतर मार्गदर्शन मिलेगा और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा मिलने के साथ मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिलेगी।

