अयोध्या में पूज्य गणिनी प्रमुख श्री ज्ञानमती माताजी का 75वां संयम दिवस व शरद पूर्णिमा महोत्सव 25 से 27 अक्टूबर तक
अयोध्या / जयपुर, (कमलेश जैन)प्रथम तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव एवं मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की जन्मभूमि शाश्वत तीर्थ अयोध्या में देश की सर्वोच्च साध्वी, गणिनी प्रमुख आर्यिका शिरोमणि श्री ज्ञानमती माताजी के 75वें संयम दिवस एवं 93वीं जन्म जयंती (शरद पूर्णिमा) के पावन अवसर पर 25 से 27 अक्टूबर तक त्रिदिवसीय भव्य महोत्सव आयोजित किया जा रहा है।
इस दौरान तीस चौबीसी जिन मंदिर शिखर कलशाभिरोहण एवं सरस्वती ज्ञान आराधना महोत्सव सहित विभिन्न धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम पूज्य ज्ञानमती माताजी के ससंघ सानिध्य, प्रज्ञा श्रमणी आर्यिका रत्न श्री चंदनामती माताजी के मार्गदर्शन एवं अयोध्या तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष स्वस्ति श्री रवींद्र कीर्ति स्वामी जी के निर्देशन में संपन्न होंगे।
प्रमुख कार्यक्रम एवं गतिविधियां:
-
25 अक्टूबर (प्रथम दिवस): सर्वजातीय महासंघ का राष्ट्रीय सम्मेलन
अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन (जयपुर) ने बताया कि मुख्य संयोजक हसमुख गांधी (इंदौर) के निर्देशन में अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन सर्वजातीय महासंघ के राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन तीन सत्रों (प्रातः 8:30 बजे, दोपहर 2:00 बजे एवं सायं 7:30 बजे) में होगा।
-
26 अक्टूबर (द्वितीय दिवस - शरद पूर्णिमा): मस्तकाभिषेक, पुरस्कार वितरण व सांस्कृतिक संध्या
प्रातः 6:00 बजे भगवान ऋषभदेव की विशाल प्रतिमा का मस्तकाभिषेक होगा। तत्पश्चात प्रातः 7:30 बजे पुरस्कार समर्पण सभा, 9:00 बजे कलशाभिरोहण तथा दोपहर 1:00 बजे जन्म जयंती की मुख्य विनयांजलि सभा आयोजित होगी।
- जैन विवाह ऐप का उद्घाटन: इस अवसर पर डॉ. जीवन प्रकाश जैन द्वारा निर्मित युवाओं के लिए 'जैन जाति विवाह ऐप' का भी शुभारंभ किया जाएगा।
- सांस्कृतिक कार्यक्रम: सायं सामूहिक महाआरती के बाद रात्रि 8:30 बजे प्रसिद्ध गीतकार रूपेश जैन द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
-
27 अक्टूबर (तृतीय दिवस): रथ यात्रा एवं समापन- प्रातः 6:00 से 7:00 बजे तक महामस्तकाभिषेक एवं प्रातः 7:30 बजे भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी।
प्रतिष्ठित हस्तियों एवं अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
अयोध्या तीर्थ क्षेत्र कमेटी के महामंत्री अमरचंद सराफ के अनुसार, समारोह में स्वस्ति श्री अरिहंत भट्टारक पट्टाचार्य महास्वामी जी (भरूच) की विशेष उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेश जैन (कुलाधिपति, मुरादाबाद) करेंगे।
मुख्य अतिथि जम्बू प्रसाद जैन (गाजियाबाद), सारस्वत अतिथि जे.सी. जैन (हरिद्वार) तथा प्रमुख अतिथि गजराज जैन गंगवाल (दिल्ली) एवं स्वदेश भूषण जैन (दिल्ली) होंगे।
ज्ञानमती पुरस्कार एवं धार्मिक मांगलिक क्रियाएं
अयोध्या क्षेत्र के मंत्री विजय कुमार जैन एवं डॉ. जीवन प्रकाश जैन ने बताया कि समारोह के दौरान ज्ञानमती पुरस्कार, जम्बूद्वीप पुरस्कार, छोटेलाल पुरस्कार एवं रत्नमती पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। समस्त मांगलिक क्रियाएं प्रतिष्ठाचार्य विजय कुमार जैन एवं प्रतिष्ठाचार्य अकलंक जैन (लखनऊ) द्वारा संपन्न कराई जाएंगी।
देशभर से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं एवं अतिथियों के लिए आवास व भोजन (पुण्यार्जक: अमरचंद, हेमचंद, नेमीचंद जैन परिवार, टिकैतनगर/लखनऊ) की सुदृढ़ व्यवस्था की गई है।

