भरतपुर:दीपावली से पहले शहर में सफाई और अतिक्रमण पर सख्ती: महापौर ने की समीक्षा, कहा— "नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना निगम की पहली प्राथमिकता"

Oct 26, 2026 - 18:56
 0
भरतपुर:दीपावली से पहले शहर में सफाई और अतिक्रमण पर सख्ती: महापौर ने की समीक्षा, कहा— "नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना निगम की पहली प्राथमिकता"

भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)। नगर निगम भरतपुर की महापौर अनुराधा सिंह ने सोमवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति, निर्माण गुणवत्ता और साफ-सफाई व्यवस्था का जमीनी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में चेताया कि विकास कार्यों और स्वच्छता में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बीनारायण गेट पर नाले की गुणवत्ता पर भड़कीं महापौर

निरीक्षण के दौरान महापौर अनुराधा सिंह ने सीएफसीडी के निर्माणाधीन क्षेत्र, अनाह गेट, बीनारायण गेट और अटल बंद गेट स्थित गणेश मंदिर जोन का मुआयना किया। इस दौरान जब उन्होंने बीनारायण गेट पर निर्माणाधीन नाले को देखा, तो उसकी गुणवत्ता पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मौके पर मौजूद कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता और संवेदक को लताड़ लगाते हुए कार्य में तुरंत सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय मानकों के विपरीत कार्य पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

दीपावली को लेकर विशेष सफाई अभियान के निर्देश

आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए महापौर ने तीनों मुख्य सफाई निरीक्षकों— संजय, बेदराम और विजयपाल को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष कार्ययोजना के तहत कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के इस सीजन में शहरवासियों को स्वच्छ और सुंदर वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। नालियों की समुचित सफाई और कचरे का समय पर उठाव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि जो सफाई निरीक्षक या जमादार अपने दायित्वों में कोताही बरतेंगे, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।

रेडक्रॉस सर्किल के पास से अवैध ठेले हटाने के आदेश

निरीक्षण के दौरान रेडक्रॉस सर्किल के आसपास यातायात बाधित होने की स्थिति को देखते हुए महापौर ने वहां अवैध रूप से ठेले लगाकर अतिक्रमण करने वालों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

इस औचक निरीक्षण के दौरान उनके साथ अधीक्षण अभियंता विनोद चौहान, सचिव विजय प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता राजुल सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय सीएसआई, संबंधित वार्डों के पार्षद तथा निजी सहायक खेमचंद शर्मा सहित तमाम संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................