अंबेडकर भवन में दिव्यांगजन सशक्तिकरण के लिए लगा शिविर सहायक उपकरण और प्रमाण पत्र के लिए किया रजिस्ट्रेशन
तखतगढ़ (बरकत खा)
राज्य सरकार की बजट घोषणा के तहत दिव्यांगजन के सशक्तिकरण एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में समाज कल्याण विभाग द्वारा विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में तखतगढ़ नगर पालिका के खेडावास अंबेडकर भवन में एक दिवसीय दिव्यांग चिन्हीकरण एवं सहायक उपकरण वितरण हेतु पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर प्रभारी रतन सांखला ने जानकारी देते हुए बताया कि, यह शिविर उन सभी पात्र दिव्यांगजनों के लिए आयोजित किया गया, जो सहायक उपकरण प्राप्त करना चाहते हैं। ऐसे सभी दिव्यांगजन जिनके पास वैध दिव्यांग प्रमाण पत्र मौजूद है, वे शिविर में आकर सहायक उपकरणों हेतु पंजीयन करवा सकते हैं। साथ ही जिन लोगों के पास दिव्यांग प्रमाण पत्र नहीं है, उनके लिए भी शिविर में विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिसके माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया शुरू की गई। शिविर अध्यक्ष ललित रांकावत, ईओ मगराज चौधरी, डाक्टर अशोक चौधरी, जीतूं घांची, भरत कुमार, रमेशनाथ , सत्ताराम मीना ने भाग लिया और दिव्यांगजनों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। लाभार्थियों को बताया गया कि किस प्रकार से वे इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं और आगे उनके लिए कौन-कौन से संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।"

