कोटपूतली-बहरोड़ की 8 पंचायत समितियों में जुटेंगे निर्वाचित सदस्य: चुने जाएंगे प्रधान, 28 नवंबर को उप प्रधान का फैसला
कोटपूतली-बहरोड़ की 8 पंचायत समितियों में प्रधान का चुनाव आज, उप प्रधान का निर्वाचन सुबह 10 बजे से शुरू होगी बैठक, जरूरत पड़ने पर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगा मतदान; मेड-कुंडला व नारायणपुर के लिए अलग स्थान तय
कोटपूतली-बहरोड़ (भारत कुमार शर्मा)। पंचायत आम चुनाव 2026 के अंतर्गत जिले की समस्त 8 पंचायत समितियों के प्रधान एवं उप प्रधान का निर्वाचन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी सोहन सिंह नरुका ने बताया कि पंचायत समिति प्रधान का निर्वाचन 27 नवंबर तथा उप प्रधान का निर्वाचन 28 नवंबर को किया जाएगा।
सुबह 11 बजे तक नामांकन, दोपहर 3 से 5 बजे तक मतदान अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रधान एवं उप प्रधान के निर्वाचन के लिए संबंधित निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों की निर्धारित तिथि पर बैठक पंचायत समिति सभागार भवनों में सुबह 10 बजे से आयोजित होगी। प्रधान पद के लिए 27 नवंबर को तथा उप प्रधान के निर्वाचन के लिए 28 नवंबर को सुबह 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा होगी और दोपहर 1 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। आवश्यकता होने पर दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे के मध्य मतदान करवाया जाएगा।
नोटिस तामील करवाने के निर्देश, नियमों के तहत होगी प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों को निर्वाचन बैठक के नोटिस की तामील संबंधित तहसीलदार के माध्यम से सुनिश्चित करवाई जाए। किसी सदस्य की अनुपस्थिति की स्थिति में नोटिस उनके निवास स्थान पर चस्पा किया जाएगा और इसकी रिपोर्ट तत्काल जिला निर्वाचन कार्यालय को भिजवाई जाएगी। निर्वाचन की संपूर्ण प्रक्रिया राजस्थान पंचायती राज अधिनियम, 1994 एवं राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 तथा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार संपादित की जाएगी।
दो पंचायत समितियों के लिए अलग केंद्र निर्धारित प्रशासन के अनुसार मेड-कुंडला पंचायत समिति के प्रधान एवं उप प्रधान की निर्वाचन प्रक्रिया विराटनगर पंचायत समिति कार्यालय में तथा नारायणपुर पंचायत समिति की निर्वाचन प्रक्रिया उपखण्ड कार्यालय नारायणपुर में संपन्न करवाई जाएगी। अधिकारियों ने सभी निर्वाचित सदस्यों से निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर बैठक में उपस्थित रहने की अपील की है।

