तसई में वारंटी को पकड़ने गई मंडावर पुलिस पर हमला:आरोपी फरार
कठूमर/ दिनेश लेखी। थाना क्षेत्र के ग्राम तसई में लूट के मामले में एक वारंटी को गिरफ्तार करने गई दौसा जिला की मंडावर थाना पुलिस के लोगों की पिटाई कर परिजनों ने आरोपी को छुड़ा लिया। और पुलिस टीम पर वारंटी के परिजनों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया और आरोपी को छुड़ा ले गए। घटना के बाद मंडावर पुलिस कर्मियों को जान बचाकर मौके से पीछे हटना पड़ा, जबकि सूचना पर कठूमर थाना पुलिस भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची, लेकिन हमलावर और आरोपी फरार हो चुके थे।
मामले की जांच कर रहे एएसआई उमरदीन ने बताया कि मंडावर थाना प्रभारी की ओर से भेजी गई टीम में एएसआई रमेशचंद, कांस्टेबल विक्रम और विजेंद्र शामिल थे। पुलिस टीम लूट के मामले में वांछित वारंटी टिंकू उर्फ भानुप्रताप पुत्र मंगल सिंह राजपूत निवासी तसई को गिरफ्तार करने गांव पहुंची थी। जैसे ही पुलिस ने आरोपी को घर से बाहर लाकर वाहन की ओर बढ़ाया, तभी आरोपी के परिजन मुल्ला उर्फ नारायण सिंह, देशराज पुत्र रतन सिंह, उनकी पत्नियाँ, आरोपी की पत्नी, दो बहनें और एक भांजा एकजुट होकर पुलिस पर टूट पड़े। उन्होंने पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और बीच सड़क पर सरकारी कार्य में गंभीर बाधा उत्पन्न करते हुए वारंटी को छुड़ा ले गए।
हमले में एएसआई रमेशचंद व कांस्टेबल विक्रम और विजेंद्र को चोटें आईं, जिन्होंने किसी तरह जान बचाकर कठूमर थाने को सूचना दी। कठूमर पुलिस मौके पर पहुंची, परंतु तब तक सभी हमलावर व आरोपी गांव से फरार हो चुके थे। फिलहाल मंडावर थाना पुलिस की रिपोर्ट पर कठूमर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार फरार आरोपी लूट, मारपीट और अवैध हथियार रखने जैसे कई मामलों में पहले से वांछित है। घटना के बाद दोनों थानों की टीमें संयुक्त रूप से आरोपी और हमलावरों की तलाश में जुटी हैं।
फिलहाल कठूमर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं, और जल्द कार्रवाई की बात कही है।