नव चेतना फाउंडेशन की सराहनीय पहल: जरूरतमंद छात्रों को निःशुल्क स्टेशनरी व बिस्किट वितरित
सिणधरी (बरकत खान) सामाजिक सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान देते हुए नव चेतना फाउंडेशन सिणधरी ने सड़ा धनजी ग्राम पंचायत के चार राजकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 5वीं तक के जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को निःशुल्क कॉपी, पेन, स्लेट और बिस्किट वितरित किए। इस नेक पहल से सैकड़ों ग्रामीण बच्चों के चेहरे खिल उठे और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह दोगुना हो गया। सिणधरी उपखंड की पायला कंला पंचायत समिति के सड़ा धनजी ग्राम पंचायत में स्थित इन विद्यालयों में कार्यक्रम का आयोजन संस्था के पदाधिकारियों द्वारा किया गया। बच्चों को व्यक्तिगत रूप से सामग्री सौंपी गई, जिससे उन्हें पढ़ाई में सहूलियत मिलेगी। संस्था के अध्यक्ष चुनाराम उर्फ अरविंद कुमार थोरी ने कहा, "शिक्षा हर बच्चे का मूलभूत अधिकार है। हमारा फाउंडेशन ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को सशक्त बनाने के लिए कटिबद्ध है। ऐसे प्रयासों से बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनेगा।"उपाध्यक्ष भैराराम कासनियां ने बताया कि यह कार्यक्रम संस्था की नियमित गतिविधियों का हिस्सा है, जो बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि जगाने का माध्यम बनेगा। सचिव अशरफ खान ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा, "हम आगे भी ऐसे नेक कार्य जारी रखेंगे, ताकि ग्रामीण शिक्षा मजबूत हो सके।" प्रधानाध्यापको ने संस्था के सदस्यों, दानदाताओं और सहयोगियों का हार्दिक आभार माना। इस अवसर पर डूंगराराम राजपुरोहित, अनिल कुमार नेण, डूंगराराम देवासी,पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष भोमाराम सऊ, पत्रकार प्रतापराम सारण सहित संस्था के अन्य सदस्य और विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। बच्चों ने संस्था का स्वागत तालियों की गड़गड़ाहट से किया और धन्यवाद ज्ञापित किया।


