नारायणपुर में ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होकर जलकर राख, चालक ने कूदकर बचाई जान
नारायणपुर (भारत कुमार शर्मा) नारायणपुर के नागलहेड़ी गांव के पास रविवार की देर रात एक ट्रक अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर आग की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि कुछ ही मिनटों में ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार, माधोगढ़ निवासी ट्रक चालक अमरसिंह रविवार रात अपने परिचित के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद नारायणपुर की ओर लौट रहे थे। रात करीब 1.30 बजे नागलहेड़ी के पास अचानक सड़क पर एक गाय आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में ट्रक असंतुलित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पेड़ से जा टकराया। टक्कर लगते ही ट्रक में आग लग गई और देखते ही देखते वाहन पूरी तरह जल गया।
सूचना पर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। हादसे में चालक सुरक्षित है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।


