बड़े ब्रांड की बोतलों में नकली शराब बेचने वाले गिरफ्तार आबकारी पुलिस ने दबोचे दो आरोपी
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर जिला आबकारी पुलिस ने नकली शराब बनाने के गोरखधंधे का खुलासा किया है। पुलिस ने भिवाड़ी से अलवर की ओर आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर उसमें सवार दो आरोपियों — राहुल और अवनेश — को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 50 लीटर स्पिरिट और करीब 3,200 सील बंद ढक्कन रोयल स्टेज व मैकडावल ब्रांड के बरामद किए हैं।
आबकारी अधिकारी दिगम्बर सिंह ने बताया कि आरोपी सस्ते स्पिरिट से नकली शराब तैयार कर उसे मशहूर ब्रांड की बोतलों में भरकर सील बंद करते थे और बाद में बाजार में महंगे दामों पर सप्लाई करते थे। उन्होंने कहा कि इस तरह की नकली शराब का सेवन बेहद खतरनाक हो सकता है इससे आंखों की रोशनी प्रभावित होना, फेफड़ों को नुकसान पहुंचना और यहां तक कि मौत का भी खतरा रहता है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की लोकेशन पिछले तीन दिनों से ट्रैस की जा रही थी और जैसे ही वे अलवर पहुंचे, उन्हें दबोच लिया गया। जप्त किए गए माल और वाहन को सबूत के रूप में जब्त कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आबकारी विभाग के अनुसार, यदि इस नकली शराब की मिक्सिंग और बिक्री बाजार में होती तो सरकार को करीब चौबीस लाख के राजस्व का नुकसान हो सकता था। गौरतलब रहे कि इससे पहले भी जिले के सिलिसेढ़ क्षेत्र में नकली शराब पीने से छह लोगों की मौत हो चुकी है, जिसकी जांच जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है।