महाराजा सूरजमल स्मृति समारोह 2025 तैयारियों को लेकर बैठक 28 नवंबर को होगी आयोजित
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) पर्यटन विभाग द्वारा आगामी 24 से 25 दिसम्बर 2025 तक महाराजा सूरजमल स्मृति समारोह 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय समारोह में ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध संस्कृति एवं ब्रज की गौरवशाली परंपराओं से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक संजय जौहरी ने बताया कि समारोह के सफल संचालन, कार्यक्रमों के समुचित प्रबंधन तथा विभिन्न विभागों के समन्वय के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में कार्यक्रम संबंधी व्यवस्थाओं, विभागीय दायित्वों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया जाएगा।
यह बैठक शुक्रवार, 28 नवम्बर को प्रातः 10.30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, भरतपुर में आयोजित होगी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, व्यापारिक संगठन, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे तथा समारोह को सफल बनाने हेतु आवश्यक सुझाव एवं कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।