नमक के नीचे दबीं दो जिंदगी: पंचायत सहायक सहित दो घरों के चिराग बुझे,होली की खुशियां मातम में बदलीं
नावां (डीडवाना-कुचामन) | जिले के नावां कस्बे के जब्दीनगर गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की जान चली गई। नमक से ओवरलोड भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बाइक सवार युवकों पर पलट गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से पंचायत सहायक राधेश्याम और उनके दोस्त शंकरलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
संतुलन खोते ही पलटी नमक की ट्रॉली हादसा उस वक्त हुआ जब जब्दीनगर निवासी राधेश्याम (45) और शंकरलाल (43) बाइक पर सवार होकर पड़ोसी गांव राजास में एक परिचित से मिलने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर में नमक क्षमता से अधिक भरा हुआ था। सामने से बाइक को आता देख ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे ट्रैक्टर असंतुलित हो गया और पूरी ट्रॉली बाइक सवारों के ऊपर ही पलट गई।
जेसीबी से हटाना पड़ा नमक का पहाड़ हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने पहले हाथों से नमक हटाकर दबे हुए युवकों को निकालने की कोशिश की, लेकिन नमक की मात्रा अधिक होने के कारण जेसीबी मशीन बुलानी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर नावां उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड का 'खूनी' खेल हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि सांभर लेक क्षेत्र होने के कारण नमक लदान में लगे ट्रैक्टर अक्सर ओवरलोड चलते हैं। क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे ट्रैक्टर दौड़ रहे हैं जिन पर नंबर प्लेट तक नहीं है, जिससे हादसे के बाद उन्हें पकड़ना मुश्किल हो जाता है। पुलिस ने फिलहाल ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है, जबकि आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया ।