नाबालिग को प्रताड़ित करने का आरोपी खेमाराम गिरफ्तार, पोक्सो एक्ट के तहत कार्यवाई
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशों पर बडू थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग को तंग, परेशान और प्रताड़ित करने के गंभीर मामले में सफलता हासिल की है. पुलिस ने आरोपी खेमाराम को सटीक फील्ड इंटेलिजेंस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है।
थानाधिकारी जगदीश प्रसाद से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता के दादा ने बडू थाने में उपस्थित होकर एक लिखित रिपोर्ट पेश की थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी खेमाराम उनकी नाबालिग पोती को लगातार तंग-परेशान कर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता और पोक्सो एक्ट की विभिन्न धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबतसर भूपेन्द्र शर्मा और वृत्ताधिकारी मकराना विक्की नागपाल के सुपरविजन में बडू थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी साधनों और सूचना तंत्र की मदद से आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसे डिटेन किया। गहन पूछताछ के बाद अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर आरोपी खेमाराम को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। बडू पुलिस फिलहाल आरोपी से मामले को लेकर आगे की पूछताछ कर रही है।

