मकराना में कल 3.5 घंटे गुल रहेगी बिजली, शहर सहित ग्रामीण और गच्छीपुरा क्षेत्र होंगे प्रभावित
मकराना (मोहम्मद शहजाद) मकराना शहर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में गुरुवार, 22 अक्टूबर को सुबह साढ़े आठ बजे से दोपहर बारह बजे तक विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी। यह कटौती विद्युत तंत्र के आवश्यक रख-रखाव कार्य के चलते की जा रही है।
अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) मकराना के अधिशाषी अभियन्ता आर. पी. सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि 220 के.वी. जी.एस.एस. मकराना में राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड द्वारा मेंटेनेंस का काम प्रस्तावित है।
इस रख-रखाव कार्य के कारण 220 के.वी. जीएसएस से जुड़े मकराना शहर, मकराना ग्रामीण और गच्छीपुरा क्षेत्र के सभी 33 के.वी. फीडर्स की बिजली आपूर्ति सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक बंद रहेगी। निगम प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे बिजली से जुड़े जरूरी काम समय रहते निपटा लें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

