होली की रात पड़ियावाल में बवाल:पुरानी रंजिश में फायरिंग-पथराव, दो महिलाओं समेत 11 पर एफआईआर
अलीगढ़ (शशि जायसवाल) जनपद के मडराक थाना क्षेत्र स्थित पड़ियावाल गांव में होली का जश्न उस वक्त मातम और दहशत में बदल गया, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रंग डालने को लेकर दो पड़ोसियों के बीच हुई कहासुनी के बाद जमकर फायरिंग हुई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद भड़की भीड़ ने न केवल आरोपी के घर पर हमला किया, बल्कि बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर भी पथराव कर दिया, जिसमें एक उप-निरीक्षक (SSI) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
रंग डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद पड़ोसी मनीष वार्ष्णेय और कैलाश के बीच रंग डालने को लेकर शुरू हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस इतनी बढ़ गई कि कैलाश ने अपने घर की छत पर चढ़कर फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में एक गोली मनीष के सीने में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वहीं, पास से गुजर रहे जसवंत नामक राहगीर के बाजू में भी छर्रे लगे हैं।
भीड़ का तांडव और पुलिस पर हमला
फायरिंग की खबर फैलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने आरोपी कैलाश के घर को घेर लिया। खुद को घिरता देख आरोपी ने घर के अंदर कुंडी लगा ली, जिससे भीड़ और उग्र हो गई। सूचना मिलने पर जब मडराक थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाने का प्रयास किया, तो ग्रामीणों ने पुलिस पर ही पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में एसएसआई धर्मपाल सिंह का सिर फट गया।
भारी पुलिस बल तैनात, 12 हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नीरज जादौन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
गिरफ्तारी: मुख्य आरोपी कैलाश को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया गया है।
हिरासत: पथराव और उपद्रव करने वाले 12 अन्य लोगों को भी पुलिस ने पकड़ा है।
उपचार: घायल मनीष और राहगीर जसवंत को आगरा रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ मनीष की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
एसएसपी का बयान: "दो पड़ोसियों के विवाद ने हिंसक रूप लिया था। फायरिंग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पर हमला करने वाले उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा, सीसीटीवी और वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य की पहचान की जा रही है।
वर्तमान स्थिति - गांव में तनाव को देखते हुए पीएसी और कई थानों की फोर्स तैनात कर दी गई है। पूरा इलाका फिलहाल पुलिस छावनी में तब्दील है और अधिकारी शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त कर रहे हैं।