पुलिस लाइन में मनाई गई पुलिस की होली, कलेक्टर कमर चौधरी और एसपी दिगंत आनंद ने जवानों के साथ किया डांस.
भरतपुर(कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) आमजन होली का त्यौहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मना सकें, इसके लिए भरतपुर पुलिस के जवान होली और धुलंडी के दिन पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर तैनात रहे। शहर भर में सुरक्षा व्यवस्था संभालने के बाद पुलिसकर्मियों ने एक दिन बाद आपस में होली का त्यौहार मनाया।
भरतपुर पुलिस लाइन में आयोजित पुलिस होली कार्यक्रम में जिला कलेक्टर कमर चौधरी और पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद भी शामिल हुए। इस दौरान अधिकारियों ने पुलिस के जवानों को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। डीजे की धुन पर जिला कलेक्टर कमर चौधरी, एसपी दिगंत आनंद और पुलिसकर्मियों ने जमकर डांस किया। जवानों ने भी एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली का आनंद लिया। अधिकारियों ने इस अवसर पर पुलिसकर्मियों के कर्तव्यनिष्ठा और त्योहार के दौरान उनकी मुस्तैदी की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी करते हुए भी समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।