सकट क्रिकेट प्रतियोगिता: महुआ खुर्द ने जीता फाइनल मुकाबला; नया गांव बोलका को 49 रनों से हराकर ट्रॉफी पर जमाया कब्जा
सकट (अलवर)। कस्बे के 'आसन की डुंगरी' स्थित बाबा ख़ाक नाथ मंदिर के पास पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान पर आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में महुआ खुर्द की टीम ने नया गांव बोलका को 49 रनों से हराकर प्रतियोगिता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
- फाइनल मुकाबले का रोमांच:
आयोजक समिति के विक्रम फ़ौजी एवं लोकेश चुणावत ने बताया कि फाइनल मैच में महुआ खुर्द ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवरों में 115 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी नया गांव बोलका की टीम महुआ खुर्द की सटीक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 10.2 ओवरों में महज 66 रनों पर सिमट गई।
- पुरस्कार वितरण:
समारोह के मुख्य अतिथि भीम सेन सैनी एवं विशिष्ट अतिथियों ने विजेता रही महुआ खुर्द टीम को 51,000 रुपये नगद व ट्रॉफी प्रदान की। उपविजेता नया गांव बोलका टीम को 21,000 रुपये नगद व ट्रॉफी, तथा तृतीय स्थान पर रही राजवास टीम को 5,100 रुपये व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। व्यक्तिगत प्रदर्शन में दिनेश मीणा को 'मैन ऑफ द मैच' और जुबेर को 'मैन ऑफ द सीरीज' चुना गया।
अनुशासन और खेल भावना की सराहना: मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताओं से प्रतिभाओं को मंच मिलता है। प्रतियोगिता में अलवर, दौसा और भरतपुर जिले की कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन रोशन लाल मीणा ने किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि रामकिशन बनी, बद्री प्रसाद मीणा, बाबूलाल मीणा, कालूराम मीणा, राजकुमार मीणा सहित आयोजन समिति के सदस्य मनीष ध्यावणा, सतीश घुणावत, रामकेश, राकेश और भारी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।


