श्रद्धा और गौरव के साथ झूझार जी महाराज (सेठ साहब) हीराराम जी भींचर की प्रतिमा का हुआ भव्य अनावरण
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। क्षेत्र में शुक्रवार को श्रद्धा, सम्मान एवं गौरवपूर्ण माहौल के बीच मकराना के पूर्व विधायक श्रीराम भींचर के पूज्य पिता झूझार जी महाराज (सेठ साहब) स्वर्गीय हीराराम जी भींचर की आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर भींचर परिवार सहित पूरे क्षेत्र के लोगों ने महान व्यक्तित्व को अपनी भावांजलि अर्पित की।
प्रतिमा का अनावरण पूज्य गुरुवरों के सानिध्य में पूर्ण विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ किया गया। इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी पूर्व विधायक श्रीराम भींचर, मकराना प्रधान एवं भाजपा प्रत्याशी सुमिता भींचर तथा भींचर परिवार के समस्त सदस्य बने।
जैसे ही प्रतिमा का अनावरण हुआ, उपस्थित जनसमूह ने पुष्पवर्षा कर 'झूझार जी महाराज' के जयकारे लगाए। समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्वर्गीय हीराराम जी भींचर के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि सेठ साहब का जीवन समाजसेवा, सादगी और परोपकार का उत्कृष्ट उदाहरण रहा है। उनकी प्रतिमा न केवल परिवार बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा का केंद्र बनी रहेगी। वक्ताओं ने युवाओं से उनके आदर्शों और नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।
इस भव्य समारोह में भींचर परिवार के रिश्तेदारों, मित्रों, समाजबंधुओं के साथ-साथ स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने शिरकत की। कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की भारी भीड़ यह दर्शा रही थी कि स्वर्गीय हीराराम जी के प्रति जनमानस में अगाध श्रद्धा है। समारोह के अंत में भींचर परिवार ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।


