संगम विश्वविद्यालय को एमएसएमई हैकाथॉन 5.0 में ₹ 14 लाख की अनुदान राशि स्वीकृत
भीलवाड़ा (राजकुमार गोयल)संगम विश्वविद्यालय ने एक बार फिर नवाचार के क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। भीलवाड़ा की सुश्री अनन्या बाबेल का अभिनव प्रोजेक्ट एमएसएमई आइडिया हैकाथॉन 5.0 में चयनित हुआ है। इस उपलब्धि के तहत सरकार की ओर से ₹14 लाख रुपये की आर्थिक सहायता इस प्रोजेक्ट को प्रदान की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि देशभर से लगभग 2.5 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से केवल 502 प्रोजेक्ट्स का अंतिम चयन किया गया। राजस्थान से कुल 5 स्टार्टअप्स का चयन हुआ, जिसमें संगम विश्वविद्यालय की अनन्या बाबेल का प्रोजेक्ट भी शामिल है।
विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. करुणेश सक्सेना ने चयन पर बधाई देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय निरंतर छात्रों के विकास हेतु भारत सरकार एवं राजस्थान सरकार की विभिन्न परियोजनाओं का सफल क्रियान्वयन कर रहा है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के डॉ. एस. एन. मोदानी, अनुराग सोनी एवं पलक मोदानी के कुशल मार्गदर्शन को दिया।
कौशल उद्यमिता केंद्र के प्रमुख डॉ. मनोज कुमावत ने बताया कि इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य प्लास्टिक प्रदूषण को कम करना और सतत (टिकाऊ) उत्पादों को बढ़ावा देना है।चयन प्रक्रिया के दौरान इस प्रोजेक्ट ने अपनी नवाचार क्षमता, व्यावहारिक उपयोगिता एवं सामाजिक प्रभाव के आधार पर निर्णायकों को प्रभावित किया। यह चयन एक बहु-स्तरीय प्रक्रिया के माध्यम से संपन्न हुआ, जिसमें मेजबान संस्थानों द्वारा मूल्यांकन, एमएसएमई मंत्रालय द्वारा मूल्यांकन, डोमेन विशेषज्ञ चयन समिति द्वारा चयन,तथा परियोजना निगरानी एवं सलाहकार समिति द्वारा विस्तृत मूल्यांकन शामिल रहा।
गौरतलब है की संगम विश्वविद्यालय इससे पहले भी एमएसएमई हैकाथॉन 2.0 में अपनी सफलता दर्ज करवा चुका है जिसमे विश्व विद्यालय को 15 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गयी थी l यह लगातार दूसरी उपलब्धि है जो नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को दर्शाती है l
संगम विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से उप कुलपति प्रो. मानस रंजन पाणिग्रही एवं रजिस्ट्रार डॉ. आलोक कुमार ने इस उपलब्धि पर बधाई दी।


