मंडी के बाईपास गेट का निर्माण एक साल बाद भी अधूरा, सुरक्षा पर सवाल
खैरथल (हीरालाल भूरानी) कृषि उपज मंडी के बाईपास मार्ग पर निर्माणाधीन मुख्य गेट का कार्य एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। गेट निर्माण में हो रही देरी और मुख्य लोहे का गेट नहीं लगाए जाने से मंडी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मंडी में बड़ी मात्रा में सरसों, गेहूं, चना सहित अन्य कृषि जिंसों के कट्टे खुले में रखे हुए हैं, जिससे व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों का कहना है कि निर्माणाधीन गेट पर लगाया जाने वाला लोहे का मुख्य दरवाजा पिछले एक सप्ताह से नहीं लगाया गया है। ऐसे में मंडी परिसर में आने-जाने वालों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रह गया है। खासकर रात्रि के समय व्यापारियों को चोरी की घटना की आशंका सताती रहती है। मंडी में लाखों रुपये मूल्य की कृषि जिंसें रखी हुई हैं और गेट नहीं होने से सुरक्षा व्यवस्था कमजोर पड़ गई है। व्यापार समिति अध्यक्ष सर्वेश गुप्ता ने बताया कि इस संबंध में ठेकेदार, कृषि उपज मंडी सचिव, उपनिदेशक कृषि उपज मंडी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की उदासीनता के कारण व्यापारियों में रोष व्याप्त है।


