खैरथल में खुला नया जिला परिवहन कार्यालय; अब ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीयन के लिए अलवर-भिवाड़ी के नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर
खैरथल (हीरालाल भूरानी ): जिलेवासियों के लिए परिवहन सेवाओं से जुड़ी एक बड़ी सौगात का शुभारंभ हो गया है। अब ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीयन और परिवहन विभाग से संबंधित अन्य कार्यों के लिए स्थानीय लोगों को अलवर और भिवाड़ी के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। राज्य सरकार की बजट घोषणा 2025-26 के तहत स्वीकृत जिला परिवहन कार्यालय का शुभारंभ इस्माइलपुर रोड स्थित शिवपुरम कॉलोनी (ग्रीनलैंड होटल के पीछे) में कर दिया गया है।
चार तहसीलों के लोगों को मिलेगी सीधी राहत परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग से प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद कार्यालय के संचालन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जिला परिवहन अधिकारी राजीव चौधरी ने बताया कि इस नए कार्यालय का क्षेत्राधिकार खैरथल, किशनगढ़बास, हरसौली और मुंडावर तहसीलों तक रहेगा। इन क्षेत्रों के निवासियों को अब परिवहन सेवाओं का लाभ सीधे स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा।
अतिथियों और जनप्रतिनिधियों ने किया भव्य शुभारंभ कार्यालय के उद्घाटन समारोह में पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव, अलवर सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, खैरथल नगर परिषद सभापति विक्रम सिंह चौधरी, किशनगढ़बास नगर पालिका चेयरमैन विश्वास यादव, एडवोकेट भानुप्रकाश अग्रवाल, अलवर डीटीओ रविंद्र जोशी, एआरटीओ ललित गुप्ता और खैरथल डीटीओ राजीव चौधरी सहित कई गणमान्य लोग, पार्षद और परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पार्षद जाजन मुलानी ने किया।
खैरथल में लगातार बढ़ रहा विकास और कार्यालयों का दायरा समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव ने कहा कि जिला परिवहन कार्यालय के शुरू होने से अब खैरथल में कुल 21 विभागों के कार्यालय संचालित हो चुके हैं, जिससे क्षेत्र के विकास को और गति मिलेगी। वहीं, नगर परिषद सभापति विक्रम सिंह चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा खैरथल को 'ग्रेटर खैरथल' का दर्जा दिए जाने के बाद विकास कार्यों में तेजी आई है और वार्डों में बिना भेदभाव कार्य करवाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर पार्षद महेंद्र पाल, नारायण छंगाणी, सरदार बलबीर, प्रमिल जसोरिया, संजय जाटव और वरिष्ठ पत्रकार हीरालाल भूरानी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

