हीट एक्शन डे व विश्व पर्यावरण दिवस पर 1 से 7 जून तक चलेगा स्वास्थ्य जागरुकता सप्ताह
खैरथल (हीरालाल भूरानी) राष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन एवं मानव स्वास्थ्य कार्यक्रम (एनसीडीसी) के तहत हीट एक्शन डे और विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले में 1 से 7 जून तक स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान आमजन को बढ़ती गर्मी, लू एवं जलवायु परिवर्तन से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा सप्ताह भर विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन के मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को सचेत करना तथा हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थितियों से बचाव के उपायों की जानकारी देना है।
उन्होंने बताया कि जिले में हीट एक्शन प्लान की प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाओं, ओआरएस, शीतलन व्यवस्था एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्वास्थ्य कर्मियों की समीक्षा बैठकें आयोजित कर तैयारियों का आकलन भी किया जाएगा।
डॉ. गेट ने कहा कि अभियान के दौरान सीएचओ, एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों की टीमें गांव-गांव जाकर लोगों को गर्मी से बचाव, पर्याप्त पानी पीने, धूप में अनावश्यक बाहर नहीं निकलने तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक करेंगी। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों, श्रमिकों और गंभीर बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों तक जागरूकता संदेश पहुंचाए जाएंगे।
स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह के तहत वेबिनार, जागरूकता सत्र, स्कूल एवं सामुदायिक कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियां तथा सोशल मीडिया अभियान भी चलाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि जनभागीदारी और व्यापक जागरूकता के माध्यम से गर्मी से होने वाली बीमारियों और जलवायु परिवर्तन के स्वास्थ्य प्रभावों को कम करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की जा सकती है!


