भोपा बाजार चौराहे पर दर्दनाक हादसा: ट्रेलर की टक्कर से दंपति की मौत, 7 वर्षीय बेटा गंभीर
गोरखपुर (उत्तरप्रदेश/ शशि जायसवाल) जिले के चौरीचौरा थाना क्षेत्र के भोपा बाजार चौराहे पर शुक्रवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 7 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जनपद के तरकुलवा थाना क्षेत्र के पुरैना गांव निवासी संत राज भारती (32) अपनी पत्नी शीला देवी (30) और पुत्र संगम (7) के साथ बाइक से झंगहा क्षेत्र के अमडीहा गांव स्थित अपने मौसा के घर आए थे। शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे तीनों तरकुलहा देवी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान भोपा बाजार चौराहे पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भयावह था कि संत राज भारती और शीला देवी ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका पुत्र संगम गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सहायता से घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर तलाश अभियान चलाया। कुछ ही देर बाद फुलवरिया चौराहे के पास ट्रेलर और चालक को पकड़ लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।


