कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत की अध्यक्षता में सुमेरपुर में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की अहम बैठक संपन्न, बिजली-पानी के मुद्दों पर मंत्री महोदय ने दिए कड़े निर्देश; बोले-लापरवाही बर्दाश्त नहीं
सुमेरपुर, (बरकत खान) राजस्थान सरकार के माननीय कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत की अध्यक्षता में आज दोपहर 12:00 बजे नगरपालिका सुमेरपुर के सभागार कक्ष में बिजली और पानी की जनसमस्याओं को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत में सुमेरपुर उपखंड अधिकारी (SDM) ने माननीय मंत्री महोदय का साफा पहनाकर आदर-सत्कार व आत्मीय स्वागत किया।
- पीएम स्वनिधि योजना के चेक वितरित:
बैठक के शुभारंभ पर माननीय कैबिनेट मंत्री महोदय द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना 2.0 के अंतर्गत चयनित सात जरूरतमंद लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक प्रदान कर उन्हें आर्थिक संबल दिया गया।
- बिजली समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश:
विद्युत विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री श्री कुमावत ने पिछले दिनों आए आंधी-तूफान के कारण क्षतिग्रस्त हुए सिंगल फेज व थ्री फेज कनेक्शनों, टूटे हुए खंभों (पोल) को बदलने की स्थिति, बबूल कटाई और लाइट फॉल्ट जैसी गंभीर समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में निर्देशित किया कि बिजली से जुड़े सभी लंबित कार्यों को बिना किसी देरी के यथाशीघ्र पूरा कर आमजन को राहत दी जाए।
- पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाने के कड़े निर्देश:
जलदाय विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री महोदय ने पानी के स्टोरेज, टूटी पाइपलाइनों की मरम्मत और जवाई बांध से आने वाले पानी की अधिकतम सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुमेरपुर शहर में पाइपलाइन डालने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के तुरंत पुनर्निर्माण और कम प्रेशर से पानी आने की समस्या को दुरुस्त करने के लिए कहा। पेयजल व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए उन्होंने सहायक अभियंता को सप्ताह में दो दिन अनिवार्य रूप से तखतगढ़ कार्यालय में बैठकर कार्य करने के कड़े आदेश दिए।
- समस्याओं के समाधान के लिए बनेगा 'व्हाट्सएप ग्रुप':
आमजन की पानी और बिजली से जुड़ी समस्याओं के पारदर्शी व त्वरित समाधान के लिए मंत्री महोदय ने एक अनूठी पहल की। उन्होंने अधिकारियों को एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए, जिसमें विभाग के आला अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, वार्ड पंच और क्षेत्र के प्रबुद्ध लोग जुड़ेंगे ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का तुरंत निस्तारण हो सके।
- निर्देशों की अक्षरसः पालना हो सुनिश्चित:
बैठक के अंत में सुमेरपुर उपखंड अधिकारी (SDM) ने उपस्थित सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए कि माननीय कैबिनेट मंत्री महोदय द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देशों की धरातल पर अक्षरसः पालना सुनिश्चित की जाए।
इस महत्वपूर्ण बैठक में उपखंड अधिकारी (सुमेरपुर), अधीक्षण अभियंता (PHED), अधीक्षण अभियंता (सिंचाई विभाग खंड सुमेरपुर), सहायक अभियंता (PHED सुमेरपुर), मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, सहायक अभियंता (सिंचाई विभाग), कनिष्ठ अभियंता (PWD), अधिशाषी अधिकारी (नगरपालिका सुमेरपुर) सहित सुमेरपुर, सांडेराव व तखतगढ़ के कनिष्ठ विद्युत अभियंता, तखतगढ़ नगरपालिका के संविदा कनिष्ठ अभियंता, अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


