बालिकाओं में कौशल विकास की दो दिवसीय कार्यशाला संपन्न, उत्कृष्ट छात्राओं का सम्मान
खेड़ली (दिनेश लेखी) भारतीय जैन संगठन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में अग्रसेन गर्ल्स कॉलेज के कमला सभागार में आयोजित दो दिवसीय “स्मार्ट गर्ल कार्यशाला” का समापन समारोहपूर्वक किया गया। कार्यशाला में भाग लेने वाली छात्राओं में से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यशाला के अंतिम दिन छात्राओं के अभिभावकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बालिकाओं के प्रति किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं करने तथा उनकी जिज्ञासाओं और विचारों को समझने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर भारतीय जैन संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यशाला विशेषज्ञों का साफा एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यशाला में भारतीय जैन संगठन के प्रशिक्षक धीरेन्द्र मेहता (उदयपुर), राजेन्द्र जैन (पाली) एवं मधु लोधा (भीलवाड़ा) ने 13 से 19 वर्ष आयु वर्ग की करीब 150 बालिकाओं को आत्मविश्वास, आत्मरक्षा, संवाद कौशल, स्वास्थ्य जागरूकता, निर्णय क्षमता तथा सामाजिक संबंधों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया।
समापन अवसर पर कार्यशाला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं कीर्ति, प्रियाशी, चंचल, महक, नेहा एवं आस्था को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान अध्यक्ष अशोक गुप्ता, राष्ट्रीय सेवा योजना की शिविर प्रभारी डॉ. नेहा गोयल, डॉ. बी.एल. उपाध्याय, भारतीय जैन संगठन खेड़ली के अध्यक्ष नरेन्द्र जैन, डॉ. मनीष जैन, राजेश जैन, गोपेश गोयल, सौरभ, संतोष, ओमवती सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


