मकराना पुलिस ने 'फिट इंडिया मिशन' के तहत निकाली साइकिल रैली, योग कार्यक्रम से दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। 'फिट इंडिया मिशन' के तहत एवं डॉ. प्यारे लाल शिवरान (आईपीएस, पुलिस अधीक्षक डीडवाना-कुचामन) के प्रेरणादायी निर्देशन में रविवार प्रातः मकराना पुलिस द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक अनोखे नवाचार कार्यक्रम 'संडे ऑन साइकिल' एवं योग शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6 बजे पुलिस थाना मकराना से हुआ, जहां सीओ विक्की नागपाल के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने साइकिल रैली में अत्यंत उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह साइकिल रैली मकराना शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होकर गुजरी, जिसके जरिए नागरिकों को नियमित व्यायाम, योग, स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सकारात्मक संदेश दिया गया।
साइकिल रैली के समापन के पश्चात पुलिस थाना मकराना परिसर में ही एक विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस शिविर में पुलिसकर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साह से योगाभ्यास किया और शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को बारीकी से समझा। इस दौरान उप निरीक्षक बलवीर खान, अयूब खान, सहायक पुलिस निरीक्षक प्रेमाराम चौधरी, हेड कांस्टेबल कैलाश कुमार, महेन्द्र कुमार तथा कांस्टेबल सुखदेव भड़ाना, ओम प्रकाश, नंदा राम सहित भारी संख्या में पुलिस स्टाफ और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर सीओ विक्की नागपाल ने कहा कि, "फिट इंडिया मिशन केवल एक अभियान नहीं है, बल्कि स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का एक बड़ा जनआंदोलन है। नियमित व्यायाम, योग और साइकिलिंग से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी बेहद सशक्त बनता है। पुलिस विभाग सदैव समाज को स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।"
पर्यावरण और सेहत का अनूठा संगम है साइकिल: थानाधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा
कार्यक्रम के निवेदक एवं पुलिस निरीक्षक (थानाधिकारी) जगदीश प्रसाद मीणा ने मकराना वासियों से इस नवाचार से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि, "पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक व मानसिक फिटनेस अत्यंत आवश्यक है। 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम स्वस्थ शरीर, साफ़ पर्यावरण और खुशहाल जीवन का एक अनूठा संगम है। रोज साइकिल चलाने से शरीर फिट रहता है, तनाव कम होता है और ऊर्जा भरपूर बनी रहती है। साथ ही, यह प्रदूषण कम कर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है। योग और व्यायाम कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ तनाव प्रबंधन में भी सहायक हैं।"
कार्यक्रम के अंत में सभी पुलिसकर्मियों एवं उपस्थित मकराना वासियों ने नियमित योग, साइकिलिंग और फिटनेस गतिविधियों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का दृढ़ संकल्प लिया। मकराना पुलिस के इस अनूठे व सराहनीय प्रयास की पूरे क्षेत्र में काफी प्रशंसा की जा रही है।


