झडाया बजरंग धाम में 108 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ की तैयारियां परवान पर: कुड़ी की ढाणी में बांटे पीले चावल, महिलाओं में भारी उत्साह
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)। उपखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध झडाया बजरंग धाम आश्रम पर आगामी 17 जून से आयोजित होने वाले ऐतिहासिक 108 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ को लेकर क्षेत्र में भारी उत्साह का माहौल है। महायज्ञ की तैयारियां अब अपने पूरे परवान पर हैं। इसी कड़ी में सोमवार को यज्ञ सेवा समिति के अध्यक्ष मदन लाल भावरिया ने मंदिर के महंत महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 श्री सीताराम दास महाराज के सानिध्य में राजधानी जयपुर में जगह-जगह महायज्ञ के भव्य पोस्टर का विमोचन किया और लोगों को यज्ञ में सम्मिलित होने का भावभीना न्योता दिया।
कुड़ी की ढाणी में बांटे पीले चावल और निमंत्रण पत्र: दूसरी ओर, महायज्ञ के युवा मीडिया प्रभारी अशोक जांगिड़ ने सोमवार को कुड़ी की ढाणी (झडाया नगर) का दौरा किया। उन्होंने वहां ग्रामीण महिलाओं को पारंपरिक रूप से पीले चावल बांटकर और निमंत्रण पत्र सौंपकर यज्ञ में आने के लिए आमंत्रित किया। मीडिया प्रभारी जांगिड़ ने बताया कि महायज्ञ को लेकर विशेषकर महिलाओं में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है।
16 जून को निकलेगी भव्य एवं ऐतिहासिक कलश यात्रा: यज्ञ सेवा समिति के अध्यक्ष मदनलाल भावरिया, महेंद्र तेतरवाल एवं हनुमान यादव ने संयुक्त जानकारी देते हुए बताया कि इस बार झडाया में आयोजित होने वाला यह 108 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ बेहद भव्य और ऐतिहासिक होगा। महायज्ञ के शुभारंभ से पूर्व 16 जून को एक विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों की तादाद में महिलाएं मंगल कलश धारण कर शामिल होंगी।
देश-विदेश तक गूंजेगी महायज्ञ की महिमा: उपयज्ञाचार्य एवं प्रख्यात विद्वान पंडित संजय शास्त्री ने यज्ञ के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 17 जून से शुरू होने वाले इस महायज्ञ में दी जाने वाली पवित्र आहुतियों की गूंज और सकारात्मक ऊर्जा केवल राजस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे देश और विदेश तक फैलेगी। यज्ञ को सुचारू और अनुशासित तरीके से संपन्न कराने के लिए सेवा समिति के पदाधिकारी और क्षेत्र के युवा दिन-रात तैयारियों में जुटे हुए हैं।


