झुंझुनूं में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का विशाल प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा
झुंझुनूं, (सुमेरसिंह राव) प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता यशवर्धन सिंह शेखावत के नेतृत्व में तथा अखिल राजस्थान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संयुक्त विकास संघर्ष समिति की झुंझुनूं इकाई अध्यक्ष उषा कुमारी, संरक्षक आबिदा एवं महासचिव तारामणि के नेतृत्व में आज हजारों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने अपनी लंबित एवं न्यायोचित मांगों को लेकर झुंझुनूं जिला कलेक्ट्रेट पर विशाल प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम जिला कलेक्टर, झुंझुनूं को ज्ञापन सौंपकर प्रदेशभर की लाखों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता यशवर्धन सिंह शेखावत ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएँ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण उन्मूलन, पूर्व-प्राथमिक शिक्षा, टीकाकरण तथा अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन की रीढ़ हैं। सरकार लगातार इनके कार्यक्षेत्र का विस्तार करती जा रही है, लेकिन इनके वेतन, सेवा सुरक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा की ओर कोई गंभीर ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि सरकार को इन कर्मियों के साथ न्याय करते हुए उनकी वर्षों पुरानी मांगों का शीघ्र समाधान करना चाहिए।
समिति की अध्यक्ष उषा कुमारी, संरक्षक आबिदा एवं महासचिव तारामणि ने कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो प्रदेशभर में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
ज्ञापन में निम्नलिखित 11 प्रमुख मांगें रखी गईं—
- 1. समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को स्थायी सरकारी कर्मचारी घोषित किया जाए।
- 2. नियमितीकरण होने तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को ₹35,000 तथा सहायिकाओं को ₹25,000 प्रतिमाह सम्मानजनक मानदेय दिया जाए।
- 3. राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के अंतर्गत योग्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्री-प्राइमरी शिक्षक के रूप में समायोजित किया जाए।
- 4. प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY), CBE, पोषण ट्रैकर, गर्म भोजन, दूध वितरण, मोबाइल रिचार्ज सहित अतिरिक्त कार्यों का बढ़ा हुआ एवं समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
- 5. प्रत्येक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को 5G डेटा सुविधा सहित स्मार्टफोन अथवा टैबलेट उपलब्ध कराया जाए।
- 6. सेवानिवृत्ति पर ₹10 लाख की एकमुश्त सम्मान राशि एवं मासिक पेंशन लागू की जाए।
- 7. राजधारा (OBC) सर्वे, RAJ SIMS, उड़ान योजना, सेनेटरी नैपकिन वितरण सहित सभी गैर-आईसीडीएस कार्य तत्काल बंद किए जाएँ।
- 8. दस वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाली योग्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को महिला पर्यवेक्षक (Supervisor) पद पर पदोन्नति दी जाए।
- 9. पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चों के निजी एवं गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों में प्रवेश पर प्रभावी नीति बनाकर आंगनबाड़ी केन्द्रों को प्रारंभिक बाल शिक्षा का प्रमुख माध्यम बनाया जाए।
- 10. राष्ट्रीय पर्वों एवं प्रमुख त्योहारों पर बोनस एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाए।
- 11. समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों के बिजली एवं पानी के बिलों तथा किराये के भवनों का किराया राज्य सरकार द्वारा नियमित रूप से भुगतान किया जाए।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने भाग लेते हुए सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन को पूरे राजस्थान में और तेज करेगा।


