हाईवे पर रफ्तार का कहर: अज्ञात वाहन ने भेड़ों के झुंड को कुचला, 11 की मौत, 6 घायल
भीलवाड़ा/मांडल। भीलवाड़ा-मांडल नेशनल हाईवे-158 पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां सड़क पार कर रहे भेड़ों के एक झुंड को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बेरहमी से कुचल दिया। इस भीषण हादसे में 11 भेड़ों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाईवे पर चारों तरफ खून फैल गया, जिसे देखकर राहगीरों का दिल दहल उठा। वारदात के बाद चालक वाहन सहित मौके से तेज रफ्तार में फरार हो गया।
पशुपालक को लाखों का नुकसान, हाईवे पर लगा लंबा जाम
इस दर्दनाक हादसे के कारण गरीब पशुपालक किसान को लाखों रुपए का भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। वहीं, दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पुलिस की लेत-लतीफी से ग्रामीणों में आक्रोश
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे की सूचना तुरंत मांडल थाना पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन पुलिस करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची। पुलिस की इस लेत-लतीफी को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में भारी नाराजगी देखने को मिली। बाद में आक्रोशित स्थानीय लोगों ने ही खुद आगे बढ़कर मृत व घायल भेड़ों को हाईवे से एक तरफ हटाया और जाम खुलवाकर यातायात सुचारु कराया।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस: मांडल थाना पुलिस ने घटनास्थल का मौका-मुआयना कर अज्ञात वाहन और उसके चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब हाईवे और आसपास के टोल व प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी वाहन और ड्राइवर की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।


