सड़कों पर स्टंटबाजी पड़ी भारी: 50 बाइक जब्त,4 थानों की पुलिस का एक्शन, डीएसपी बोले- आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी
उदयपुर (राजस्थान)
उदयपुर। सड़कों पर तेज रफ्तार में पावर बाइक दौड़ाकर और स्टंटबाजी कर खुद की व दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले सिरफिरे बाइकर्स के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। उदयपुर जिले में चार थानों की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्टंटबाजी में प्रयुक्त 50 पावर बाइक्स को जब्त कर चालकों के खिलाफ मोटर वाहन (MV) एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
गश्त के दौरान पकड़ा, आमजन में था दहशत का माहौल
झाड़ोल डीएसपी विवेकसिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि झाड़ोल, फलासिया, ओगणा और बाघपुरा थानाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त के दौरान यह कार्रवाई की। पुलिस ने देखा कि कई युवक महंगी और तेज रफ्तार पावर बाइक्स लेकर सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक स्टंटबाजी कर रहे थे।
इस तरह की हरकतों से सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों और राहगीरों में भय का माहौल पैदा हो रहा था, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा घटित हो सकता था।
MV एक्ट के तहत कार्रवाई, आगे भी चलेगा चाबुक
खतरे को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष अभियान चलाकर स्टंट कर रहे युवकों को दबोचा और उनकी 50 पावर बाइक्स को सीज कर दिया। डीएसपी विवेकसिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सार्वजनिक सड़कों को स्टंट का अड्डा बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में भी ऐसे नियम तोड़ने वाले और हुड़दंग मचाने वाले बाइकर्स के खिलाफ नियमित रूप से सख्त अभियान जारी रहेगा।

