नगर पालिका की पहल: नव-निर्माणाधीन शिव मंदिर प्रांगण में चला स्वच्छता अभियान, पार्क के रूप में होगा विकसित

Jul 23, 2026 - 19:34
 0
नगर पालिका की पहल: नव-निर्माणाधीन शिव मंदिर प्रांगण में चला स्वच्छता अभियान, पार्क के रूप में होगा विकसित

लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेश जैन 

लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका प्रशासन द्वारा क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और हरित क्षेत्र के संरक्षण को लेकर एक सराहनीय पहल देखने को मिली है। अधिशासी अधिकारी चेतन बेरवा के निर्देशों की अनुपालना में, कनिष्ठ तकनीकी सहायक कुलदीप मीणा की मौजूदगी में आज 'शिव सेवा समिति' के नव-निर्माणाधीन मंदिर प्रांगण में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

यह अभियान मुख्यमंत्री शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत कार्यरत श्रमिकों द्वारा पूरा किया गया। इस सफाई कार्य के दौरान मंदिर परिसर, प्रवेश द्वार और आसपास के रास्तों से भारी मात्रा में जमा कचरा, झाड़-फूस और कटीली खरपतवार को हटाया गया।

खबर का बड़ा असर

गौरतलब है कि खसरा नंबर 848 में स्थित मंदिर परिसर की खाली भूमि पर पूर्व में नगर पालिका और एसीजीएम (ACJM) के सौजन्य से सघन पौधारोपण किया गया था। लेकिन समय के साथ इन पौधों के चारों ओर कटीली झाड़ियां उग आई थीं, जिससे पौधों का विकास रुक गया था। इस समस्या और क्षेत्र को पार्क के रूप में विकसित करने की मांग को लेकर पूर्व में खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था, जिस पर संज्ञान लेते हुए पालिका प्रशासन ने यह कार्रवाई की है।

बंदरों से सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड (लोहे के जाल) की मांग

सफाई कार्य के दौरान मौके पर मौजूद शिव सेवा समिति के सदस्यों ने नगर पालिका प्रशासन से विकसित हो रहे पौधों की सुरक्षा के लिए लोहे के ट्री-गार्ड लगवाने की मांग की है। समिति का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों के आतंक से छोटे पेड़-पौधों को काफी नुकसान पहुंचता है, इसलिए लोहे की जाली लगाना बेहद जरूरी है।

समिति ने जताया पालिका का आभार

इस मौके पर शिव सेवा समिति के सदस्य सुनील प्रजापत, सतीश बसवाल, खेमचंद बैरवा, दीपचंद सैनी, सुरेश चंद गुप्ता और त्रिलोक मीणा सहित कई पदाधिकारियों और वार्ड के गणमान्य नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन की इस तत्परता के लिए आभार व्यक्त किया।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................