लक्ष्मणगढ़: राहुल-प्रियंका के समर्थन में कांग्रेस का सांकेतिक धरना, विधायक मांगेलाल बोले— ‘युवा ही देश का भविष्य’
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) | कमलेश जैन
देश की राजधानी दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन की आंच अब राजस्थान के अलवर जिले तक पहुंच गई है। गुरुवार को उपखंड मुख्यालय लक्ष्मणगढ़ के पुराने बस स्टैंड स्थित भगत सिंह सर्किल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं, NSUI और यूथ कांग्रेस ने मिलकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के समर्थन में नारे लगाए गए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर सांकेतिक धरना दिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया।
'युवाओं की आवाज को गंभीरता से सुने सरकार'
प्रदर्शन में शामिल क्षेत्रीय विधायक मांगेलाल मीणा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि युवा ही देश का असली भविष्य हैं और उनकी मांगों व आवाज को अनदेखा नहीं किया जा सकता। उन्होंने युवाओं से अपनी बात लोकतांत्रिक तरीके से रखने की अपील की।
यह पदाधिकारी रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में विधायक मांगीलाल मीणा के साथ जिला सचिव इकबाल खान, प्रदेश समन्वयक मोहम्मद रफीक खान, कांग्रेस नेता लाल मोहम्मद, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष भगवान विजय, ब्रजलाल मीना, फूल सिंह मीना, विनोद जाटव, रमन, हमीद, शोभाराम, असलम, महेंद्र, सद्दाम खान जोरवाल और हारुन खान सहित कांग्रेस, NSUI और यूथ कांग्रेस के दर्जनों पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

