बैरेर में जलभराव बना आफत: स्कूल जाने वाले नौनिहाल और ग्रामीण परेशान, PWD से स्थायी समाधान की मांग
राजगढ़ (अलवर, राजस्थान) अनिल गुप्ता
राजगढ़। उपखंड क्षेत्र के समीपवर्ती ग्राम बैरेर में बारिश के मौसम के साथ ही ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गांव के योगी मोहल्ले के समीप मुख्य पीडब्ल्यूडी (PWD) सड़क पर जलभराव की गंभीर समस्या के कारण हर दिन लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए बढ़ा खतरा
स्थानीय निवासी राजेन्द्र बैरेर ने बताया कि इस मुख्य सड़क मार्ग से रोजाना छोटे-छोटे बच्चे जोखिम उठाकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। सड़क पर लंबे समय तक गंदा पानी जमा रहने के कारण कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनी रहती है। इससे न केवल दुर्घटना होने का भय बना रहता है, बल्कि महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों का निकलना भी दुभर हो गया है। जलभराव के कारण क्षेत्र में बीमारियां और संक्रमण फैलने का खतरा भी मंडरा रहा है।
आश्वासनों तक सिमटा समाधान!
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि हर साल बारिश के दिनों में सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों से कई बार वार्ता की जा चुकी है। हर बार अधिकारियों की ओर से जल्द समाधान का आश्वासन तो दिया जाता है, लेकिन धरातल पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग और प्रशासन से गुहार लगाई है कि समस्या का संज्ञान लेते हुए सड़क और पानी की निकासी का शीघ्र अति शीघ्र स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि नौनिहालों और ग्रामीणों को इस रोज-रोज की परेशानी से निजात मिल सके।

