नारायणपुर में विष्णु महायज्ञ एवं भागवत कथा के आयोजन को लेकर निकाली कलश यात्रा, उमड़ी श्रद्धा की भीड़
सकट क्षेत्र के नारायणपुर गांव स्थित मुरली मनोहर मंदिर पर 2 जुलाई से 10 जुलाई तक आयोजित होने वाले 23 वे श्री विष्णु महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ कार्यक्रम को लेकर बुधवार को महिला श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा निकाली। सरपंच मुकेश मंडावरी ने बताया कि कलश यात्रा प्रातः 9.15 बजे सकट कस्बा स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर से ध्वज व कलश पूजन के साथ विधिवत बैंड बाजों की स्वर लहरियों के बीच रवाना हुई। जो सकट कस्बे के श्री सीताराम जी, चौथ माता, चतुर्भुज नाथ, रघुनाथ जी, थाई वाले हनुमान जी, नदी वाले गणेश जी मंदिर की परिक्रमा करते हुए करीब 2 किलोमीटर लंबी दूरी तय करते हुए कार्यक्रम स्थल गांव नारायणपुर के यति महाराज के आश्रम पर पहुंचकर संपन्न हुई। कलश यात्रा के दौरान पुरुष श्रद्धालु आगे आगे अपने हाथों में ध्वज पताका लेकर भगवान के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे वही पीछे पीछे नए नए परिधानों में सजी-धजी महिलाएं अपने सिर पर मंगल कलश धारण कर भजन गाती हुई चल रही थी। कलश यात्रा के दौरान कई महिला श्रद्धालुओं ने बैंड बाजों की स्वर लहरियों के बीच जमकर नृत्य किया।
कलश यात्रा का ग्रामीणों ने कई जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया वहीं नीमडी वाला बास के सैनी समाज के लोगों ने कलशयात्रा में शामिल श्रद्धालु को ठंडाई का वितरण किया। पूर्व सरपंच फतेह राम मीणा ने बताया श्रीमद् भागवत कथा का कार्यक्रम 3 जुलाई से प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। कथावाचक संत साईं राम महाराज होंगे। वही हवन यज्ञ का कार्यक्रम प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से 9 बजे वह शाम 5 बजे से 7 बजे तक होगा यज्ञ आचार्य पंडित रामबाबू शर्मा होंगे कथा का समापन 10 जुलाई को पूर्णाहुति व भंडारे के साथ होगा। इसी दिन यति महाराज के आश्रम में ब्रह्मलीन श्री यति दामोदर दास महाराज की पुण्यतिथि व गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा व भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। कलश यात्रा में गांव नारायणपुर के अलावा सकट,जोनेटा, मंडावरी, थमावली, नाथलवाडा, राजपुर बड़ा, बीधोता, करनावर सहित अन्य कई गांवों के लोगों ने भाग लिया।
- राजेंद्र मीणा की रिपोर्ट