रामगढ़ से उठी न्याय की हुंकार: विशाल पैदल मार्च निकाल युवाओं ने केंद्र सरकार को घेरा; कठोर कानून की उठाई मांग
रामगढ़ (अलवर, राजस्थान) अमित भारद्वाज
रामगढ़। नीट (NEET) परीक्षा में धांधली, बढ़ती महंगाई और दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे निर्दोष छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में रामगढ़ के बेरोजगार युवाओं और विद्यार्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम उपखंड अधिकारी (SDM) सुभाष यादव को ज्ञापन सौंपा।
नाहर सिंह महाराज मंदिर से SDM कार्यालय तक विशाल पैदल मार्च
शुक्रवार को रामगढ़ के युवाओं और छात्र-छात्राओं ने एकजुट होकर एक विशाल पैदल मार्च निकाला। यह शांतिपूर्ण प्रदर्शन नरसिंह महाराज मंदिर से शुरू होकर कस्बे के मुख्य बाजारों से गुजरता हुआ उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचा। इस दौरान आक्रोशित युवाओं ने केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों और दिल्ली पुलिस की दमनकारी कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
'लाखों होनहारों का भविष्य अंधकार में डाला'
करीब 11 बजे एसडीएम कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन के बाद उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। छात्र नेताओं ने कहा कि नीट जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय परीक्षा में धांधली से देश के लाखों मेहनती युवाओं का भविष्य अंधकार में चला गया है। दिल्ली में अपने हक की आवाज उठा रहे छात्रों पर पुलिसिया लाठीचार्ज अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
युवाओं ने स्पष्ट किया कि अन्याय के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ी जाएगी।
ज्ञापन में उठाई गईं मुख्य मांगें:
-
शिक्षा मंत्री का इस्तीफा: दिल्ली लाठीचार्ज और पेपर लीक की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें।
-
निष्पक्ष जांच व न्याय: जंतर-मंतर पर हुई घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए और घायल छात्रों को तुरंत न्याय मिले।
-
कड़ा कानून: प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली रोकने के लिए केंद्र सरकार कठोर कानून बनाए।
-
पारदर्शिता: भविष्य की सभी प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह धांधली मुक्त और पारदर्शी बनाया जाए।
प्रदर्शन में यह रहे मौजूद
इस विशाल प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान सरदार राजन सिंह, इंजीनियर समीर खान, अंसार रामगढ़िया, हेमंत, योगेश पहाड़िया, वीरेंद्र, महबूब जखोपुरिया, आदिल रशीद, नितिन बैरवा, सचिन गुर्जर, हसीन खान, एहसान खान, रोमिस खान, मोहित, नमन सहित बड़ी संख्या में रामगढ़ के युवा पदाधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

