उदयपुर में राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर कांग्रेस का प्रदर्शन: निष्पक्ष जांच और दोषियों के नाम सार्वजनिक करने की मांग को लेकर निकाली विरोध रैली
उदयपुर:राजस्थान
शहर में राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण को तूल पकड़ते देख शनिवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में एक जोरदार विरोध रैली निकाली गई। ओल्ड सिटी के जगदीश चौक से शुरू हुई यह रैली विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए दिल्ली गेट की तरफ बढ़ी। कांग्रेस ने इस मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने, पूरे प्रकरण का जल्द खुलासा करने तथा इसमें संलिप्त सभी दोषियों के नाम सार्वजनिक कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रमुख मार्गों से गुजरी रैली, भाजपा सरकार पर साधा निशाना
शहर जिला अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली में कांग्रेस नेताओं ने सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया। रैली जगदीश चौक से शुरू होकर घंटाघर, बड़ा बाजार, भड़भूजा घाटी, मंडी की नाल, धानमंडी, हनुमान चौक और तीज का चौक होते हुए आगे बढ़ी।
सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश और केंद्र में भाजपा की सरकार होने तथा मंदिर प्रबंधन में भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका के बावजूद इस प्रकार की घटना होना करोड़ों हिंदुओं की आस्था पर सीधा आघात है। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि इस मामले में शामिल व्यक्ति चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसका असली चेहरा देश के सामने लाया जाना चाहिए और उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। साथ ही, उन्होंने मंदिर प्रबंधन से भाजपा और आरएसएस के हस्तक्षेप को पूरी तरह समाप्त कर इसे उत्तर प्रदेश सरकार के संरक्षण में सौंपने की मांग की।
इन दिग्गजों ने किया संबोधित
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री दिनेश कुमार दवे ने जानकारी दी कि रैली के दौरान आयोजित सभा को प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सुरेश श्रीमाली, लोकसभा प्रत्याशी ताराचंद मीणा, पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, प्रदेश महामंत्री गोपाल कृष्ण शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा और दिनेश श्रीमाली ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर संगठन महामंत्री अरुण टांक, नजमा मेवाफरोश, ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह, शंकर चंदेल, सिद्धार्थ सोनी, मोहसिन खान, देवेंद्र माली, बंशीलाल गवारिया, अमित श्रीवास्तव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष तारीका भानु प्रताप, सेवादल अध्यक्ष शैलेंद्र ओदीच्य, गौरव प्रताप सिंह, शिवशंकर मेनारिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कम संख्या बल को लेकर रही चर्चा
रैली के दौरान शहर के वार्डों और ओल्ड सिटी से भारी भीड़ जुटने की उम्मीद थी, लेकिन अपेक्षाकृत संख्या बल कम होने को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं भी गर्म रहीं। हालांकि, कम संख्या के बावजूद मौजूद कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ चढ़ावा चोरी के मामले पर सरकार और प्रशासन के खिलाफ सवाल खड़े किए।

