जयपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: 15 साल से तमिलनाडु में छिपकर फरारी काट रहा 5 हजार का इनामी बदमाश बीकानेर से गिरफ्तार
जयपुर:राजस्थान
जयपुर की आदर्श नगर थाना पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले 15 वर्षों से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश को धर दबोचा। आरोपी पिछले डेढ़ दशक से पुलिस और कानून की आंखों में धूल झोंककर तमिलनाडु में छिपकर फरारी काट रहा था। हाल ही में अपने परिजनों से मिलने बीकानेर आने की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे वहां से दबोच लिया।
कमिश्नरेट के विशेष ऑपरेशन के तहत हुई कार्रवाई
डीसीपी (ईस्ट) रंजिता शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देशानुसार वांटेड और इनामी बदमाशों की धड़-पकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आदर्श नगर थानाधिकारी छगन डांगी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने फरार अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी तलाश शुरू की।
इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि साल 2010 से धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहा 5 हजार रुपए का इनामी बदमाश पुखराज जैन अपने परिजनों से मिलने के लिए बीकानेर आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए बीकानेर में दबिश दी और आरोपी को धर दबोचा।
तमिलनाडु के त्रिपुर-कोयम्बटूर में काट रहा था फरारी
पुलिस पूछताछ में आरोपी पुखराज जैन ने खुलासा किया कि पिछले 15 सालों से जब पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, तब वह बचने के लिए तमिलनाडु के त्रिपुर और कोयम्बटूर इलाकों में छिपकर अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।
क्या था पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, साल 2010 में आरोपी पुखराज जैन ने अपने पिता और अन्य साथियों के साथ मिलकर एक बड़ी धोखाधड़ी की थी। उसने पीड़ित के माता-पिता की मृत्यु के बाद, उनकी यूटीआई म्यूचुअल फंड और अन्य कंपनियों के शेयरों में जमा रकम को दिलाने का झांसा दिया था। इसके बाद पीड़ित के माता-पिता के फर्जी हस्ताक्षर (फेक सिग्नेचर) कर लाखों रुपए की रकम हड़प ली और मौके से फरार हो गया था। तब से पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है और उसके अन्य सहयोगियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

