कोटा में बड़ा हादसा टला: एरोड्रम सर्किल के पास जूते के तीन मंजिला शोरूम में भीषण आग, छत के रास्ते परिवार और किराएदारों का किया गया रेस्क्यू
कोटा:राजस्थान
शहर के एरोड्रम सर्किल के पास घोड़े वाले बाबा चौराहे के नजदीक जूते के एक तीन मंजिला शोरूम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने तीनों मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि समय रहते सूझबूझ दिखाते हुए ऊपरी हिस्से में फंसे परिवार और किराएदारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
पहली मंजिल से शुरू हुई आग, देखते ही देखते विकराल रूप
प्रत्यक्षदर्शियों और दुकानदारों के अनुसार, आग की शुरुआत बिल्डिंग की पहली मंजिल से हुई थी। कुछ ही मिनटों में आग की लपटें बाहर दिखाई देने लगीं और देखते ही देखते आग ने इमारत के ऊपरी व निचले हिस्से को अपनी आगोश में ले लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आस-पास के दुकानदारों ने तुरंत अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए, ताकि आग अन्य प्रतिष्ठानों तक न पहुंच सके। इसके साथ ही दुकानदारों ने अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करना शुरू कर दिया और बाहर खड़ी बाइकों को भी वहां से हटाया।
छत के रास्ते बचाई गई जान
शोरूम की इमारत के ऊपरी हिस्से में एक परिवार और कुछ किराएदार रहते थे। आग लगने और रास्ता बंद होने के कारण वे नीचे नहीं उतर पा रहे थे और डर के मारे चिल्लाने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए उन्हें छत के रास्ते पास की एक अन्य इमारत में पहुंचाया और सुरक्षित नीचे उतारा। शोरूम के कर्मचारियों ने शुरुआत में फायर सिलेंडरों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि वह नाकाफी साबित हुई।
दमकल की 7 गाड़ियां मौके पर, पुलिस ने संभाली व्यवस्था
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 7 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के काम में जुट गईं। चूंकि यह इलाका घनी मार्केट, निजी बैंकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से घिरा है, इसलिए घटना के बाद वहां भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही गुमानपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करते हुए सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
फिलहाल इस आगजनी में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने के वास्तविक कारणों और हुए आर्थिक नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

